सोनीपत। हरियाणा-पंजाब बार काउंसिल चुनाव के संबंध में शुक्रवार को सोनीपत में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। एसडीएम सुभाष चंद्र के नेतृत्व में इसमें मास्टर ट्रेनर संजय श्योराण ने पोलिंग स्टाफ को चुनाव प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं। बताया कि जिले में 5 में से सोनीपत न्यायिक परिसर के तीन बूथों पर सोनीपत, खरखौदा और राई के वकील वोट डाल सकेंगे। इसके अलावा एक बूथ गोहाना तो एक गन्नौर के न्यायिक परिसर में होगा।
मास्टर ट्रेनर संजय श्योराण ने बताया कि हर पोलिंग बूथ पर एक पोलिंग ऑफिसर, एक सहायक पोलिंग ऑफिसर और एक सुपरवाइजर या पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। 18 मार्च को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न करवाई जाएगी। चुनाव के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए सोनीपत में तीन से पांच वोटर कम्पार्टमेंट स्थापित किए जाएंगे।
चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी मतदान से एक दिन पूर्व पोलिंग बूथ पर पहुंचकर जरूरी तैयारियां पूरी करेंगे। रात्रि विश्राम भी बूथ पर ही करेंगे। पहचान के लिए मतदाताओं को बार की तरफ से जारी पहचान पत्र, प्रमाण पत्र, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पहली बार प्रशासन की भूमिका बार चुनाव में सुनिश्चित की गई है। इस बार चुनाव प्रक्रिया में बैलेट बॉक्स को सील करना, संबंधित उम्मीदवारों के हस्ताक्षर लेना और मतदाताओं की पहचान सत्यापित करना सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव को लेकर अंतिम प्रशिक्षण 17 मार्च को मिनी सचिवालय, सोनीपत में आयोजित किया जाएगा। उधर, मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा ए श्रीनिवास ने बार चुनाव की तैयारियों की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। उन्होंने जिला स्तर पर बनाए गए मतदान केंद्रों की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।