सोनीपत। सदर थाना पुलिस ने गाड़ी पर रॉड और डंडों से हमला कर तोड़फोड़ करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नकलोई निवासी अंकित, गुहणा निवासी सागर व अमित तथा भठगांव निवासी दीपांशु व राहुल शामिल हैं। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
नकलोई निवासी अमित ने 14 सितंबर को शिकायत देकर बताया था कि अंकित के साथ उसकी पुरानी रंजिश है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में शराब के ठेके को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। 14 सितंबर की रात खरखौदा से घर लौटते समय हैफेड गोदाम के पास अंकित ने अपनी गाड़ी से उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद पहुंचे युवकों ने रॉड व डंडों से गाड़ी पर हमला किया। भागने के दौरान गाड़ी से टक्कर मारने का भी आरोप है। नाबालिग को न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह, करनाल भेज दिया गया।