गन्नौर। गांव पुगथला में सोमवार देर शाम अलग-अलग स्थानों पर गांव की सरपंच के पति और एक ग्रामीण पर फायरिंग का मामला सामने आया है। गनीमत रही की गोली किसी को नहीं लगी। सरपंच के पति व गांव की एक महिला ने मामले की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि गांव में पंचायत की जमीन की बोली होनी है, जिसे लेकर हमला किया गया है।
गांव पुगथला की 3 मई को पंचायती जमीन की बोली की जानी है। पुगथला गांव निवासी ऋषिराज पंचायत की जमीन की बोली देकर उसे अपने पक्ष में छुड़वाना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि गांव का एक अन्य परिवार भी पंचायत की जमीन की बोली देकर उसे छुड़वाना चाहता है। जिसके चलते वह दूसरे पक्ष को बोली में शामिल नहीं होने के लिए धमकियां दे चुका है। आरोप है कि इसी को लेकर दूसरे पक्ष से पिता व उनके दो बेटे और अन्य ने सोमवार देर शाम कार में सवार होकर ऋषिराज के घर पहुंचे। उन्हें ऋषिराज वहां नहीं मिला। इस पर उन्होंने ऋषिराज के घर पर फायरिंग कर दी। घर में ऋषिराज की पत्नी सुष्मिता थी। वह फायरिंग में बाल-बाल बच गई। इसके बाद हमलावर कार में सवार होकर वहां से भाग गए। वह ऋषिराज व गांव की सरपंच के पति सोमदत्त को ढूंढते हुए उनके पास पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। बताया गया है कि हमलावरों ने उन पर करीब 7-8 राउंड फायर किए, लेकिन गनीमत रही कि हमले में दोनों बच गए। फायरिंग करने के बाद हमलावर वहां से भाग गए।
अलग-अलग शिकायत मिली, जांच कर दर्ज करेंगे मुकदमा
गन्नौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि पुगथला गांव में फायरिंग के मामले में दो अलग-अलग शिकायत मिली हैं। एक शिकायत ऋषिराज की पत्नी सुष्मिता की तरफ से दी गई है। जबकि दूसरी शिकायत पुगथला गांव की सरपंच के पति सोमदत्त शर्मा की तरफ से मिली है। दोनों शिकायतों में गांव के ही एक व्यक्ति व उनके दो बेटों समेत अन्य पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।