फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैफे में घुसकर युवक को गोली मारी और साथी को डंडों से पीटा, सीसीटीवी में कैद वारदात

Tue, 10 Sep 2019 01:54 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सोनीपत (हरियाणा)
विज्ञापन
टीकाराम महाविद्यालय के पास स्थित कैफे में युवक को गोली मारने के बाद सीसीटीवी में भागते दिख रहे हमलावर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

शहर के मिशन रोड पर टीकाराम कन्या महाविद्यालय के पास कैफे में घुसकर हमलावरों ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक के हाथ में लगी है। हमलावरों ने कैफे संचालक को भी डंडों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से पैदल ही भाग गए। वारदात स्थल से भाग रहे आरोपी सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं। पुलिस ने कैफे संचालक के बयान पर मामला दर्ज कर एक युवक को राउंड अप किया है। हमलावर तमंचा भी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

विज्ञापन


गांव भटाना निवासी अमित ने पुलिस को बताया कि वह टीकाराम कन्या महाविद्यालय के पास कैफे चलाता है। उसने बताया कि सोमवार करीब साढ़े 12 बजे वह कैफे पर था। उसका साथी गांव रतनगढ़ का सौरभ भी उसके पास आया था। इसी बीच डंडे, तलवार और तमंचा लेकर 11 युवक उसकी दुकान में घुस आए, जिसमें माहरा का अभिमन्यु, सागर, शीलू और अन्य शामिल थे। उन्होंने आते ही उसके बारे में पूछा।

उसके बोलते ही उन्होंने डंडे और तलवार से उस पर हमला कर दिया। उसने पास पड़ी लोहे की कुर्सी उठा ली। जिससे वह तलवार के वार से बच गया। इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकाल लिया। जिसे उसके साथी सौरभ ने पकड़ा तो युवक ने गोली चला दी। गोली सौरभ के हाथ में जा लगी। जिससे खून बहने लगा। जिस पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उनका तमंचा भी मौके पर ही गिर गया।
विज्ञापन


घायल अमित और सौरभ को निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उन्हें सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया। सामान्य अस्पताल में उन्हें उपचार दिया गया। बाद में सौरभ को खानपुर रेफर कर दिया गया। साथियों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास, मारपीट व धमकी देन का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक युवक को राउंडअप भी किया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस व एफएसएल की टीम ने जांच की।

विज्ञापन

अस्पताल में अचानक बिगड़ी सौरभ की तबीयत

सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान अचानक सौरभ की तबीयत बिगड़ गई। उसके मुंह से झाग निकल आए। उसने हाथ में लगाई ड्रिप को भी हटा दिया। जिस पर चिकित्सकों ने उसे पकड़कर दोबारा ड्रिप लगाई। इसके बाद उसे खानपुर रेफर कर दिया गया।

सीसीटीवी में दिख रहे हमलावर
वारदात के बाद पुलिस ने जांच की तो एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हमलावर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों के हाथों में डंडे और अन्य हथियार दिख रहे हैं। उनमें से कई अपने चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।

पहले भी हुआ झगड़ा, दी थी शिकायत
सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन अमित ने बताया कि युवकों के साथ कैफे में लंबे समय तक बैठने से रोकने पर कहासुनी हुई थी। जिसकी रंजिश में उन्होंने 30 अगस्त को भी उस पर हमला कर दिया था। उस पर चाकू, कैंची और अन्य हथियार से हमला कर उसे घायल किया गया था। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी। हालांकि समझौते के प्रयास के चलते मामला दर्ज नहीं कराया गया था।

आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है। एक युवक को राउंड अप किया गया है। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। -डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी सोनीपत।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें