संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव गुमड़ में देर बुधवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ युवकों ने एक ग्रामीण के घर के बाहर पहुंचकर कथित तौर पर फायरिंग की और गाली-गलौज की। फायरिंग के दौरान घर की खिड़की का शीशा गोली लगने से टूट गया। जबकि अन्य गोलियां घर के आसपास लगीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली खोल बरामद कर जांच शुरू कर दी।
गांव गुमड़ निवासी कुनाल ने थाना गन्नौर में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि मोहित, मनोज, रवि, बच्ची, काला समेत अन्य युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते पहले मोबाइल पर गाली-गलौज की और फिर देर रात उनके घर के बाहर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग की।
कुनाल के अनुसार एक गोली घर की खिड़की के शीशे में लगी, जबकि अन्य गोलियों से वह और परिजन बाल-बाल बच गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। शोर होने पर परिवार ने बचाव में ईंटें फेंकी, जिसके बाद आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शिकायतकर्ता ने एक साल पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए बताया कि मिट्टी के लेन-देन को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी। इसके बाद पहले भी हमला होने की बात कही गई है।
फोटो : सोनीपत के गांव गुमड़ में गोली लगने से टूटा घर की खिड़की का शीशा। स्रोत: पाठक