खरखौदा। गांव कुंडल के पास औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अमित प्लाइवुड फैक्टरी में अज्ञात कारणों के चलते रविवार की आग लग गई। इससे फैक्टरी में रखा सामान जल गया। खरखौदा से दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
रविवार की सुबह कुंडल गांव के पास स्थित अमित प्लाइवुड फैक्टरी के एक हिस्से में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। धुआं उठता देख फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारियों ने मामले की सूचना दमकल केंद्र को दी। मौके पर पहुंची खरखौदा दमकल केंद्र की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता काफी लकड़ियां व सामान जल चुका था। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अमित प्लाइवुड फैक्टरी में पहले भी आगजनी की घटना हो चुकी है। फैक्टरी में 4 जून, 2019 व 4 अगस्त 2018 को भी आग लग चुकी हैं। वहीं इससे पहले भी इसी फैक्टरी में आगजनी की घटना हो चुकी है। आग लगने के बारे में फैक्टरी मालिक व मैनेजर ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।