सोनीपत। राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रिंटिंग पैकेजिंग की फैक्टरी में आग पर काबू पाने के बाद लापता श्रमिक की तलाश की जा रही है। परिजनों ने श्रमिक के अंदर ही फंसे होने की आशंका जताई थी। जिस पर स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाकर उसकी तलाश कराई गई। तीसरे दिन भी श्रमिक का सुराग नहीं लग सका। इसके बाद शाम को टीम लौट गई। अब पुलिस श्रमिक की तलाश के लिए अभियान चलाएगी।
राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट नंबर 1329 में मल्टीलेयर पैकेजिंग के नाम से प्रिंटिंग पैकेजिंग फैक्टरी में मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे आग लग गई थी। आग लगी देख श्रमिक बाहर भाग निकले थे। फैक्टरी के अंदर रखे थिनर व केमिकल के ड्रम बम की तरफ फटने लगे थे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की राई, सोनीपत, कुंडली, दिल्ली के नरेला व बवाना, पानीपत से 16 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। आग पर अग्निशमन की टीमों ने काबू पा लिया था। हालांकि अभी भी एक दो स्थान पर पॉलिथीन के बंडल में आग सुलग जाती है। जिसे शांत करने के लिए एक गाड़ी मौके पर मौजूद है।
बुधवार को मूलरूप से बिहार निवासी श्रमिक अर्जुन के परिजनों फैक्टरी में पहुंचकर श्रमिक के लापता होने की जानकारी दी थी। पिता तुलसी साहा ने बताया था कि उनका बेटा अर्जुन आठ साल से फैक्टरी में काम कर रहा था। उन्होंने आशंका जताई थी कि वह आग में अंदर ही फंस गया था। उसकी तलाश कराई जाए। जिसके बाद प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया था। 11 सदस्यीय टीम ने रात आठ बजे तक तलाशी अभियान को रोक दिया था। वीरवार सुबह फिर से तलाशी अभियान चलाया गया है। यहां तक की लापता श्रमिक के परिजनों को भी अंदर ले जाकर तलाशी अभियान दिखाया था। शाम तक श्रमिक के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके बाद टीम लौट गई। अब शुक्रवार को पुलिस तलाशी अभियान चलाएगी।
जर्जर हो चुका ढांचा, गिरने का डर
चार मंजिला फैक्टरी का ढांचा पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ऐसे में उसके गिरने का भय बना हुआ है। जिसके चलते अंदर तलाशी अभियान चलाने के दौरान सतर्कता बरती जा रही है। फैक्टरी का पूरा भवन आग की चपेट में आ गया था।
आग को शांत कर दिया गया है। लापता श्रमिक की तलाशी को दिनभर अभियान चलाया गया। स्वांस उपकरण लेकर टीम अंदर गई और गहनता से जांच की। हालांकि कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर शुक्रवार को फिर से पुलिस तलाशी अभियान चलवाएगी।
सुमित लोहचब, उप दमकल अधिकारी