सोमवार दोपहर बाद खरखौदा के फिरोजपुर बांगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्टरी में आग लग गई। दिल्ली और हरियाणा की दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया। आगजनी की घटना की सूचना पाकर मौके पर सैदपुर चौकी प्रभारी सुरेश हुड्डा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे वहीं दिल्ली पुलिस के आईपीएस विकास कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अरोड़ा केमिकल में सोमवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग पर काबू पाया जाता इससे पहले फैक्टरी में रखे केमिकल ने आग पकड़ ली और पूरी फैक्टरी को अपने आगोश में ले लिया। इसकी सूचना दिल्ली दमकल केंद्र और सोनीपत दमकल केंद्र को दी गई, लेकिन कंट्रोल रूम द्वारा घटनास्थल पर पहले पहुंची दिल्ली दमकल की गाड़ियां यह कहते हुए वापस मंगा ली गईं कि फैक्टरी दिल्ली एरिया में नहीं है। जिससे फैक्टरी में लगी आग और ज्यादा भड़क गई। बाद में आधे रास्ते से वापस आकर दिल्ली दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। थोड़ी देर बाद राई से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग 10 दमकल गाड़ियों ने मिलकर आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने से रसायनों से भरे पड़े ड्रम पूरे धमाकों के साथ फटे ओर कई के खोल काफी दूर-दूर जाकर गिरे। आग बुझने तक फैक्ट्री मालिक घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके थे।
नहीं बचा कुछ
आग इतनी भयंकर थी कि फैक्टरी की छत भी जमीन पर आ गई। इतना ही नहीं दिवारों में बड़ी दरारें आ गईं। जिस कारण दिवार गिरने का डर बना हुआ था। इस आगजनी की घटना में किसी के हताहत होने या झुलसने की सूचना नहीं है। बताया जाता है कि आग लगते ही मजदूर फैक्ट्री छोड़कर फरार हो गए थे।
धमाकों से घबरा गए पड़ोसी
जैसे फैक्टरी में आग लगी वहां पर रखे केेमिकल ड्राम भारी धमाकों के साथ फटने लगे। जिससे आसपास के लोग सहम गए कि क्या हुआ। इतना ही नहीं फैक्टरी के पास बने एक कार्यालय के शीशे तक धमाकों के कारण टूट गए और आग के अंगारे आसपास देखे जा सकते थे।