प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच नवंबर को राई में होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को प्रदेश के मुख्य सचिव डीएस ढेसी की अध्यक्षता में मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल राई के सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
ढेसी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल राजीव गांधी एजूकेशन सिटी में रखा गया है। इस दौरान मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल में चार हेलीपैड तैयार किए जाएंगे। इनमें तीन प्रधानमंत्री मोदी के लिए और एक हेलीपैड अन्य वीवीआईपी के लिए रखा जाएगा। यहीं से प्रधानमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा। कार्यक्रम स्थल राजीव गांधी एजूकेशन सिटी में मुख्य पांडाल करीब 32 एकड़ जमीन में तैयार किया जाएगा, जिसमें 18 एकड़ क्षेत्र कवर्ड किया जाएगा। यहां पर तीन मंच तैयार किए जाएंगे। इनमें मुख्य मंच के अलावा दो अन्य मंच होंगे। इनमें एक वीवीआईपी और दूसरा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए होगा। साथ ही सभी सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर भी तैयार किया जाएगा। ओबी वैन के लिए अलग से पार्किंग प्रस्तावित की गई है।
कार्यक्रम स्थल के 100 मीटर दायरे में होंगे पार्किंग स्थल
मुख्य सचिव ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर अति विशिष्ट व विशिष्ट लोगों के लिए अलग से पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले लोगों के लिए भी छह अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के लिए उचित व्यवस्था की गई है। सभी पार्किंग स्थल कार्यक्रम स्थल के 100 मीटर के दायरे में होंगे। अतिरिक्त पार्किंग के लिए राई औद्योगिक क्षेत्र के मैदान को भी सुरक्षित रखा गया है। कार्यक्रम के लिए पार्किंग व्यवस्था डेढ़ से दो लाख लोगों के आगमन को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
सुरक्षा-व्यवस्था पर दिए दिशा निर्देश
बैठक में कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। ढेसी ने निर्देश दिए कि स्टेज, बैरिकेडिंग और शौचालय इत्यादि की व्यवस्था को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। इसके अलावा वीवीआईपी और वीआईपी रूट पर चर्चा की गई और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के बाद ढेसी ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण भी किया। इससे पहले उपायुक्त राजीव रतन ने मुख्य सचिव डीएस ढेसी और अन्य उच्चाधिकारियों का जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया और प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। मीटिंग में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक यशपाल सिंघल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कौशल, अतिरिक्त मुख्य सचिव यातायात एवं सिविल एविएशन सुदीप सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग हरदीप कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगर एवं आयोजन विभाग राघवेंद्र राव, प्रधान सचिव महावीर सिंह, महानिदेशक सूचना जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग डॉ. अभिलक्ष लिखी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक पंकज अग्रवाल, रोहतक मंडल के आयुक्त राजबीर सिंह, आईजी रोहतक रेंज श्रीकांत जाधव, मुख्यमंत्री के ओएसडी मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त रोहतक अमित खत्री, अतिरिक्त उपायुक्त शिव प्रसाद शर्मा,एसडीएम (ना.) सोनीपत डा. शालीन कुमार रोहिला, एसीयूटी मोनिका गुप्ता, एसडीएम खरखौदा राजीव अहलावत, एमडी शुगर मिल सुरेंद्र कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक राजीव खोसला सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
पीएम 5 नवंबर को 10 हजार 166 करोड़ की परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला: सांसद
सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को सोनीपत में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिन पर करीब 10 हजार 166 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस कार्यक्रम का आयोजन राई में स्थापित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में किया जाएगा, जिसकी तैयारियों का उन्होंने रविवार को जायजा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधारशिला कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल राजीव गांधी एजुकेशन सिटी का दौरा करते हुए सांसद रमेश कौशिक ने बंदोबस्त को लेकर गंभीरता से मंत्रणा की।