सोनीपत के कच्चे क्वार्टर की मार्केट में खुली सड़क। संवाद
- फोटो : Sonipat
कच्चे क्वार्टर मार्केट को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम की ओर से एक बार फिर कवायद शुरू की गई है। मार्केट में अतिक्रमण की स्थिति देखने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ी गुजार कर देखी गई। गाड़ी के 200 मीटर चलने में 20 मिनट से ज्यादा का समय लगा। संतोषजनक स्थिति न पाकर उप निगम आयुक्त हरदीप सिंह ने सुधार न होने की हालत में सामान जब्त करने की चेतावनी दी। वहीं, संबंधित अधिकारियों को हर रोज दो बार गाड़ी गुजार कर स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। कच्चे क्वार्टर मार्केट में 38 फुट की सड़क में से 20 फुट पर दुकानदारों ने पक्के निर्माण कर रखे हैं। इसके अलावा दुकानदारों ने दोनों ओर के अपनी दुकानों के आगे मेज लगाकर सामान रख लिया है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई करीब 10 फुट ही बची है।
डीएमसी की दो टूक, अतिक्रमण हटाना ही होगा
कार्रवाई की चेतावनी के बाद मार्केट का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कार्यालय में उप निगम आयुक्त से मिलने पहुंचा। बैठक के दौरान डीएमसी ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण हर हाल में हटाना होगा। दुकानदारों को इसे हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यदि फिर भी कोई अतिक्रमण करता है तो उसका सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं, डीएमसी हरदीप सिंह ने दुकानदारों को कड़े लहजे में कहा कि आप लोग अग्निकांड में जान-माल का नुकसान देखने के बावजूद सुधरने को तैयार नहीं हो। जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने मार्केट में सुधार का आश्वासन दिया है।