फोटो :40: आग लगने से धूं धूं कर जल रही गौशाला में रखी पराली। ग्रामीण
गन्नौर। गांव शाहपुर तगा स्थित गौशाला में रविवार दोपहर को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों में रखी सैकड़ों एकड़ पराली जलकर राख हो गई। पूरे क्षेत्र में धुआं फैलने से वातावरण धुंधला हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात रही कि गौशाला के सभी पशु सुरक्षित रहे। इस दौरान गोरक्षा दल के सदस्य व आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्राॅलियां, पानी के टैंकर और पंखे लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में दमकल विभाग की मदद की। ग्रामीणों के अनुसार हवा तेज होने के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं। इससे पराली के साथ तूड़ा भी जल गया।
गनीमत रही कि सभी के प्रयासों से आग को रोक लिया अन्यथा ज्यादा नुकसान हो सकता था। शाहपुर तगा गोशाला में तूड़ा जलने से हुई आगजनी के बाद गोशाला को भारी नुकसान हुआ है। भूस व चारे की बड़ी मात्रा जल जाने से पशुओं के लिए चारा संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में गोशाला प्रबंधन ने तूड़ा, पराली और आर्थिक सहायता की अपील की है।