संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कुंडली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पार करते समय कार की टक्कर से महिला की मौत और उसके दो सहकर्मी के घायल होने के मामले में पुलिस ने साढ़े तीन माह बाद एफआईआर दर्ज की है। घायल महिला के बयान पर अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के नेहान नगर निवासी राजपपि ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह कुंडली की पाठशाला वाली गली में किराये पर रहती है। वह कुंडली क्षेत्र स्थित कनोडिया कंपनी में काम करती हैं। वह 1 दिसंबर, 2025 की सुबह अपनी सहकर्मी सुनीता के साथ काम पर जा रही थीं।
कुंडली थाना के पास वाहन का इंतजार करते समय उनकी एक अन्य सहकर्मी गांव खटकड़ निवासी ममता भी वहां पहुंच गई थीं। तीनों पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को पार करने लगीं तो जांटी मोड़ के सामने पानीपत की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी।
कार की टक्कर से तीनों दूसरी कार पर जा गिरी थीं। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आई थीं। सिर में चोट लगने की वजह से सुनीता की मौत हो गई थी। राजपति व ममता का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा था। अब राजपति ने कुंडली थाना में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।