गोहाना (सोनीपत)। पश्चिमी बंगाल की पुलिस टीम ने गोहाना से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। उन पर आईपीएस अधिकारी के परिजनों से पैसे ऐंठने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को स्थानीय अदालत में पेश किया और इसके बाद अपने साथ ले गई। पुलिस ने जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है उसकी बेटी आईपीएस अधिकारी पर कई साल पहले यौन शोषण का आरोप लगा चुकी है।
पश्चिमी बंगाल से तीन अधिकारियों की टीम शनिवार को गोहाना पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से शहर क्षेत्र से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। दोनों को स्थानीय अदालत में पेश किया, जिसके बाद पिता-पुत्र को पश्चिमी बंगाल की टीम अपने साथ ले गई। आरोप है कि पिता-पुत्र ने पश्चिम बंगाल के एक आईपीएस अधिकारी के परिजन से किसी मामले में दबाव देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। गिरफ्तार युवक ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के आईपीएस अधिकारी के इशारे पर उसके और उसके पिता के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि उसकी बहन व आईपीएस का एक केस चल रहा था। उन्होंने कहा कि जांच में सब सामने आ जाएगा। जिस व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उसकी बेटी ने आईपीएस अधिकारी पर कई साल पहले यौन शोषण का आरोप लगाया था।