फोटो 12 - गोहाना के गांव छतेहरा में धरने पर बैठे किसानों से बातचीत करते सिंचाई विभाग के उपमंडल
गोहाना। गांव छतेहरा के पास से गुजरने वाली ड्रेन में स्टोरेज टैंक तैयार करने के लिए मिट्टी उठाने के विरोध में किसानों ने शनिवार को धरना शुरू कर दिया। किसानों का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक लठवाल ने किया।
उन्होंने कहा कि ड्रेन में काम शुरू होने व मिट्टी उठाने से बारिश के सीजन में खेतों के पानी की निकासी नहीं होगी। जिससे किसानों की परेशानी बढ़ जाएगी और उनकी फसल भी खराब हो जाएगी। इस दौरान किसानों को समझाने के लिए सिंचाई विभाग से उपमंडल अभियंता अक्षय कुमार धरना स्थल पर पहुंचे, लेकिन किसानों ने उनकी एक बात नहीं सुनी और धरना जारी रखा।
अशोक लठवाल ने कहा कि जुलाई में बारिश शुरू हो जाती है, जबकि सिंचाई विभाग ने नई नाला ड्रेन में स्टोरेज टैंक के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। अब स्टोरेज टैंक का काम कई महीने तक चलेगा और किसानों के खेतों में पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि स्टोरेज टैंक के निर्माण कार्य का सीधा असर किसानों के खेतों में बारिश के पानी की निकासी पर पड़ेगा। पानी की निकासी नहीं होने से फसल डूब जाएंगी। ऐसे में किसानों को नुकसान से बचने के लिए धरना शुरू करना पड़ रहा है। धरने में गांव रूखी के सरपंच राजमल, छतेहरा के सरपंच धर्मबीर सहित किसान मौजूद रहे।
वर्जन -
नई नाला ड्रेन में बारिश के पानी को एकत्रित करने के लिए ही स्टोरेज टैंक बनाया जा रहा है। बारिश का सीजन खत्म होने के बाद इस पानी को खेतों की सिंचाई के लिए किसानों को ही उपलब्ध करवाया जाएगा। किसानों को इसके बारे में समझाया जा रहा है।-अक्षय कुमार, उपमंडल अभियंता, सिंचाई विभाग, गोहाना