सोनीपत। प्रदेश सरकार की ओर से मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ फसलों का पंजीकरण किया जा रहा है। सरकार ने इसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की है। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं किया है वह करवा लें।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान का पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। पंजीकृत किसान से ही फसल खरीदी जाएगी। ऐसे में किसान पोर्टल पर अपनी बोई गई खरीफ फसल का ब्योरा पंजीकरण करवाएं।
विज्ञापन
पोर्टल पर दर्शाई गई फसल का भौतिक सत्यापन भी करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्योरा आने के बाद उन्हें मंडी में बुलाना आसान हो जाता है। किसानों के मोबाइल फोन नंबर पर मैसेज भेजकर उन्हें मंडी में किस दिन व किस वक्त आना है की जानकारी दी जाती है।
कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है। किसान कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। फसलों का पंजीकरण https://fasal.haryana.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है।