सोनीपत। कुंडली धरनास्थल पर केएफसी के सामने शहीद स्मारक का शुरू किया गया पक्का निर्माण अब नहीं होगा। पुलिस के निर्माण रुकवाने के बाद किसानों को अपना फैसला बदलना पड़ा और अब शहीद स्मारक को अस्थायी बनाया जाएगा। जिसको बनने के बाद वहां से उठाया जा सके। किसानों के यह फैसला लेने के बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि अब शहीद स्मारक का अस्थायी निर्माण किया जा सकता है।
कृषि कानून रद्द करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान 351 किसानों की मौत हो चुकी है। उनके लिए ही कुंडली बॉर्डर पर शहीद स्मारक का निर्माण शुरू किया गया था, जिसके लिए देशभर से मिट्टी मंगवाई गई थी। कुंडली बॉर्डर पर केएफसी के पास निर्माण शुरू किया गया, जिसके लिए शहीद स्मारक का चिह्न व शहीद होने वाले किसानों के नाम लिखे शिलापट्ट भी मंगवाए गए थे। वहां पक्का निर्माण कराए जाने की सूचना पर रविवार को कुंडली थाना पुलिस ने पहुंचकर काम रुकवा दिया था। जिससे विवाद बढ़ता दिख रहा था, लेकिन एसपी जश्नदीप रंधावा ने कहा था कि अगर किसान वहां अस्थायी शहीद स्मारक बनाते हैं तो उसपर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उसके लिए किसानों को लिखित में देना होगा कि वह पक्का निर्माण नहीं करेंगे। जिसको लेकर पुलिस व किसानों की बैठक हुई और उसमें अस्थाई निर्माण का फैसला लिया गया। जिसके बाद शहीद स्मारक बनाने की अनुमति दी गई और अब किसान शहीद स्मारक बना सकते है।
वर्जन
कुंडली बॉर्डर धरनास्थल पर पक्का निर्माण नहीं करने दिया जा सकता है और वहां पक्का निर्माण करने के कारण ही किसानों को रोका गया था। उनको कहा गया था कि अगर वह अस्थायी निर्माण करते हैं तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है। किसानों ने अस्थायी निर्माण करने की बात कही है और इस तरह वहां अस्थायी निर्माण करके शहीद स्मारक को दूसरी जगह लेकर जा सकते है।
- जश्नदीप रंधावा, एसपी