गन्नौर। भारतीय किसान यूनियन अंबावता गुट की मासिक बैठक खेड़ी गुर्जर रोड स्थित जाट धर्मशाला में बलजीत मलिक की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान प्रशासन व सरकार से किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
बलजीत मलिक ने कहा कि बरसात के कारण खराब हुई फसल की गिरदावरी अभी तक नहीं की गई है। इससे किसानों में रोष है। गिरदावरी न होने के कारण अगली फसल की बुवाई में देरी हो रही है।
विज्ञापन
किसानों की सरकार से अपील है कि मुआवजे के लिए जल्दी गिरदावरी करवाई जाए। किसानों के लिए डीएपी व यूरिया खाद की कमी को जल्द पूरा किया जाए। सोनीपत में शुगर मिल की मेंटेनेंस भी जल्द की जाए ताकि किसानों का मिल में गन्ना समय पर पहुंचे। किसानों को दिक्कत न आए।
उन्होंने कहा कि सरकारी दुकानों पर किसानों को गेहूं के लिए बीज भी समय पर उपलब्ध करवाया जाए। धान व बाजरे की सरकारी खरीद शुरू की जाए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जय भगवान मालिक, ओमप्रकाश, रोहतास बैनिवाल, जगबीर, रामधन आदि मौजूद रहे।