रेवाड़ी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने खरीफ सीजन 2026 के दौरान धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों के लिए योजना शुरू की है। मशीन से धान की सीधी बिजाई करने पर किसानों को 4500 रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सहायक कृषि अभियंता दिनेश शर्मा दिनेश शर्मा ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि योजना में क्षेत्रफल की कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है तथा लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
धान की सीधी बिजाई तकनीक अपनाने से पारंपरिक रोपाई की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। इससे किसानों की लागत कम होने के साथ-साथ भूजल स्तर को बचाने में भी मदद मिलती है। किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा खरीफ सीजन में राज्यभर में 600 धान सीधी बिजाई मशीनें अनुदान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन मशीनों पर कीमत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 40 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
आवश्यक दवाओं और छिड़काव की दी जानकारी
उप कृषि निदेशक ने बताया कि धान की सीधी बिजाई तकनीक में प्रति एकड़ आठ किलोग्राम बीज पर्याप्त रहता है। उन्होंने किसानों को बीज उपचार और खरपतवार नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाओं और छिड़काव की जानकारी भी दी।