फोटो : 09: एसडीएम को ज्ञापन देते जिलाध्यक्ष जयभगवान मलिक व किसान नेता। स्रोत किसान नेता
गन्नौर। भारतीय किसान यूनियन अंबावत की बैठक वीरवार को जाट धर्मशाला गन्नौर में ब्लॉक प्रधान बलजीत मलिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष जयभगवान, रामधन सिंह, रणधीर सिंह, रंगलाल फौजी, रामधन, रामकुमार सहित अन्य किसान नेता शामिल रहे। बैठक के बाद यूनियन ने एसडीएम प्रवेश कादियान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि 14 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सैनी के मंडी आगमन पर किसानों के दल को उनसे मिलवाया जाए ताकि वह उनको किसानों की समस्याओं से अवगत करवा सकें। उन्होंने बताया कि धान की फसल को डीएपी, यूरिया की जरूरत है। इस समय डीएपी व यूरिया की कमी हो रही है जिसे पूरा किया जाए।
गांवों में गोचारण की भूमि पर हुए अवैध कब्जे छुड़वाने, पुगथला में रोड के साथ खोदे गए नालों का जल्द निर्माण करवाने, अगवानपुर-राजलूगढ़ी तिराहे के पास फैले कीचड़ का समाधान करवाने, गन्नौर क्षेत्र में उखाड़ी गई सड़कों का निर्माण करवाने की मांगें रखी गईं। एसडीएम ने यूनियन की मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन दिया।