सोनीपत। किसानों को ढैंचा का बीज 10 अप्रैल से वितरित किया जाना था, लेकिन उन्हें सब्सिडी पर मिलने वाला ढैंचा व मूंग का बीज अब तक सरकारी दुकान पर नहीं पहुंचा है। ऐसे में किसान परेशान हैं। वह मुरथल रोड स्थित बीज मार्केट में सरकारी दुकान पर बीज लेने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन सब्सिडी पर बीज उपलब्ध न होने से वह निराश होकर लौट रहे हैं।
जिले में जून में धान की रोपाई व बिजाई की जाएगी। इससे पहले किसान जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ाने के लिए ढैंचा व मूंग उगाते हैं, जो प्राकृतिक तौर पर हरे खाद का काम करती है। खेत में ढैंचा उगाने के बाद अगर किसान जुताई करते हैं तो ढैंचे की जड़ों में मौजूद नाइट्रोजन भूमि को प्राप्त होने से खेत की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। वहीं मूंग की खेती भी फायदेमंद होती है। इससे अगली फसल में खाद के कम उपयोग की जरूरत पड़ती है, उत्पादन बेहतर होता है। किसानों को सरकार की ओर से ढैंचा के बीज पर 80 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी। विभाग ने ढैंचा के लिए 6000 क्विंटल, मूंग के लिए 600 क्विंटल बीज वितरित करने का निर्णय लिया है। एक किसान अधिक से अधिक 10 एकड़ भूमि के लिए 120 किलोग्राम ढैंचा सब्सिडी पर प्राप्त कर सकता है।
किसान 30 मई तक पोर्टल पर करवा सकते हैं पंजीकरण
खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे कृषि विभाग ने मूंग व ढैंचा के बीज को लेकर पोर्टल खोला है। किसान 30 मई तक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। बीज वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए विभाग किसानों को ओटीपी के माध्यम से बीज वितरित करेगा। सब्सिडी पर बीज लेने के लिए किसान का आधार कार्ड भी लिया जा सकता है। किसान के पंजीकृत फोन नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसके आधार पर बीज वितरित किया जाएगा। इसके लिए काफी किसान पंजीकरण करवा रहे हैं, लेकिन उन्हें बीज नहीं मिल पा रहा है।
किसानों को ढैंचा व मूंग का बीज सब्सिडी पर मुहैया कराया जाएगा। किसानों पोर्टल पर पंजीकरण करवा रहे हैं। जल्द ही बीज उपलब्ध करवा दिया जाएगा। ढैंचा और मूंग की बिजाई के लिए काफी समय बचा है। किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। -डॉ. पवन शर्मा, कृषि उप निदेशक, सोनीपत।