गोहाना (सोनीपत)। खानपुर कलां गांव में देर रात बाइक से आए नकाबपोश हमलावर ने गांव की चौपाल के पास खड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव खानपुर कलां निवासी सुनील ने बताया कि उसका भाई अनिल (28) खेती व पशुपालन करता था। बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे जब वह खेत से गांव की तरफ आ रहा था तो देखा अनिल गांव में चौपाल के पास अपने साथी प्रदीप व गौतम के साथ खड़ा था। उसने अनिल को घर आने के लिए कहा था। इस पर भाई ने जल्द घर आने की बात कही थी। वह कुछ दूर ही गया था कि उसने गोलियां चलने की आवाज सुनी। वह वापस लौटा तो रास्ते में बाइक सवार तेजी से भागते हुए दिखाई दिया। उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। पास जाकर देखा तो पता चला बाइक सवार उसके भाई को तीन गोलियां मारकर भागा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अनिल के दाेस्तों से हो रही पूछताछ
सदर थाना गोहाना के इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने कहा है कि हत्याकांड में परिजनों ने फिलहाल किसी पर शक नहीं जताया है। पुलिस ने अनिल के साथ खड़े उसके दो दोस्तों से भी पूछताछ की है। परिजनों के अनुसार गांव में उसकी किसी के साथ रंजिश भी नहीं है। पुलिस गांव में लगे सीसी कैमरे की मदद से हमलावर की पहचान का प्रयास कर रही है।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अनिल की हत्या से बेटी स्नेहा (4) और बेटा गुरमीत (2) के सिर से पिता का साया उठ गया है। दूसरी तरफ अनिल की मौत के बाद पिता रणधीर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द हमलावर को गिरफ्तार करने की मांग की है।
वर्जन-
गांव खानपुर कलां में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। हमलावर ने मुंह पर कपड़ा बांधकर वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीण हमलावर की पहचान नहीं कर पाए हैं। पुलिस जल्द उसका पता लगाकर गिरफ्तार करेगी।
-इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, प्रभारी, सदर थाना गोहाना