संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। गांव गंगाना में जमीनी विवाद में दबाव से परेशान किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव खेत में शीशम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक के भाई की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया गया।
गांव गंगाना के दलशेर ने पुलिस को बताया कि उनके भाई सुमित (30) बुआ के लड़के पानीपत के गांव चमराड़ा निवासी प्रवीन व भड़ताना गांव के विशाल के साथ साझेदारी में जमीन लेकर काम करते थे। लगभग नौ महीने पहले कैथल में ली गई जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
उस जमीन का प्रवीन और विशाल ने सुमित को बिना बताए सौदा किया और उन्हें दरकिनार कर दिया। इसके बाद प्रवीन, विशाल, साहिल देशवाल और बुटाना का मोहित बार-बार सुमित पर जमीन छोड़ने का का दबाव बनाते और जान से मारने की धमकी देते थे।
दलशेर के अनुसार बुधवार को आरोपी अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और सुमित की तलाश की। कुछ देर बाद सुमित का शव खेत में शीशम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि लगातार धमकियों और दबाव के कारण सुमित ने आत्महत्या की।