गन्नौर। सेना में नौकरी दिलाने और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर गांव पांची जाटान के किसान के साथ दो करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। किसान ने भठगांव निवासी एक परिवार पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पांची जाटान निवासी पवन ने थाना गन्नौर में मुकदमा दर्ज कराया है कि सितंबर, 2024 में उन्होंने अपनी जमीन बेचकर नया कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान उनकी पहचान गांव भठगांव निवासी सुनील से हुई। उसने खुद को भारतीय सेना में कार्यरत बताकर उन्हें भी सेना में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
सुनील ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने और भर्ती प्रक्रिया में खर्च के नाम पर पहले 9 लाख रुपये लिए। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में लगभग दो करोड़ रुपये ले लिए। सुनील ने पवन को शेयर मार्केट में निवेश कर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा भी दिया लेकिन न तो कोई जॉइनिंग लेटर मिला और न ही निवेश का कोई प्रमाण दिया।
जब पवन ने अपनी रकम वापस मांगी तो सुनील और उसके परिवार ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं आरोप है कि उन्होंने पवन और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पवन की शिकायत पर सुनील, उसकी पत्नी, पिता और माता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद