फोटो : 19: पुलिस की गिरफ्त में जानलेवा हमला के आरोपी। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
खरखौदा। गांव हलालपुर के पास फैक्टरी में घुसकर चार युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान तोड़फोड़ भी की गई। हमलावरों ने एक कर्मचारी को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अंकित निवासी हलालपुर और विपिन निवासी नाहरा को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
गांव हलालपुर निवासी अनिल का कहना है कि उन्होंने गांव में ही गंगा फायर इंजीनियर्स नामक फैक्टरी स्थापित की है, जिसमें कई कर्मचारी काम करते हैं। बुधवार रात वह फैक्टरी में ही रुक गए थे। उस दौरान चार कर्मचारी भी फैक्टरी में ही थे। देर रात एक बजे किसी ने फैक्टरी के गेट पर पथराव किया। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही चार युवक गेट तोड़कर अंदर आ गए।
वह कमरे से बाहर आए तो चारों ने उन पर हमला कर दिया। वह जान बचाने के लिए वापस कमरे में घुसे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने न केवल उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, बल्कि कर्मचारी विकास पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वह जाते समय दोबारा दिखाई देने पर जान से मार देने की धमकी देकर भाग गए।
अनिल ने अंकित, कुकी, विपिन व शुभम पर फैक्टरी में घुसकर हमला करने के आरोप लगाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए अंकित व विपिन को गिरफ्तार कर लिया है।