सोनीपत। राजकीय स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने 1.21 करोड़ रुपये के कार्य कराने की स्वीकृति प्रदान की है। स्कूलों में क्लास रूम, साइंस लैब, लाइब्रेरी के लिए कमरों का निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य स्कूल प्रबंधन कमेटी के माध्यम से कराए जाएंगे।
राजकीय स्कूलों में कमरों की कमी है। कमरों के अभाव में विद्यार्थियों को लाइब्रेरी व लैब की सुविधा नहीं मिल पाती। जबकि विभाग की तरफ विद्यार्थियों की विज्ञान विषय में रुचि बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्कूल में पर्याप्त क्लास रूम व लैब का होना जरूरी है। इसलिए स्कूल प्राचार्य व स्कूल प्रबंधन कमेटी की तरफ से विभाग से नए कमरों का निर्माण कराने की मांग की गई थी। अधिकारियों ने स्कूल की मांग के आधार पर प्रपोजल बनाकर मुख्यालय के पास भेजा था। मुख्यालय ने कमरों का निर्माण कार्य कराने की मंजूरी प्रदान कर दी है। साथ ही कार्य के लिए बजट भी जारी किया गया है। विभाग के निर्णयानुसार एसएमसी को स्कूल में 25 लाख रुपये तक के कार्य कराने की शक्ति दी गई है। जिन कार्यों को मुख्यालय ने स्वीकृत किया गया है, उनका बजट 25 लाख रुपये से कम है। इसलिए निर्माण कार्य एसएमसी की तरफ से कराया जाएगा। मुख्यालय ने स्वीकृत कार्य इसी सत्र में पूरे कराने के निर्देश दिए हैं। ताकि विद्यार्थियों को अच्छी सुविधाएं मिल सके।
किस कार्य के लिए कितना बजट स्वीकृत
कार्य संख्या स्वीकृत बजट
कक्षा कक्ष 07 65.66 लाख रुपये
कंप्यूटर कक्ष 01 09.38 लाख रुपये
विज्ञान लैब 01 10.50 लाख रुपये
जीव विज्ञान लैब 01 10.50 लाख रुपये
भौतिक विज्ञान लैब 01 10.50 लाख रुपये
पुस्तकालय 01 15.16 लाख रुपये
कुल 12 121.70 लाख रुपये
वर्जन
स्कूलों में जरूरत के अनुसार कमरों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। मुख्यालय से कार्य कराने की स्वीकृति मिल गई है। कराए जाने वाला प्रत्येक कार्य 25 लाख रुपये से कम हैं, इसलिए एसएमसी के माध्यम से कार्य कराया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग स्कूल प्राचार्य व इंजीनियरिंग ब्रांच की रहेगी। जिससे नियमानुसार निर्माण सामग्री का प्रयोग कराया जा सके।
- विष्णुदत्त भारद्वाज, एसडीओ, समग्र शिक्षा