रोहित राठौर
रोहतक। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नोटिस के बाद रविवार को मतदान केंद्रों पर विशेष सुधार शिविर लगाया गया। बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) सुबह से ही बूथों पर तैनात रहे लेकिन उम्मीद के मुताबिक मतदाता नहीं पहुंचे। जो मतदाता पहुंचे, उन्हें भी दस्तावेजों के फेर में उलझकर मायूस लौटना पड़ा।
वार्ड 19 के मतदान बूथों पर संवाददाता ने पड़ताल के दौरान मौजूद लोगों से बातचीत की। बीएलओ ने बताया कि शिविर में जन्मतिथि में सुधार, नाम में त्रुटि और एक स्थान से दूसरे स्थान पर वोट ट्रांसफर के मामलों को लेकर मिले नोटिस की जांच की जा रही है। इसके लिए जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अपेक्षा से बहुत कम मतदाता शिविर में पहुंच रहे हैं।
इतनी तैयारियों के बाद कम उपस्थिति से समय की बर्बादी हुई है। कई जगह तो पूरे दिन में गिने-चुने लोग ही पहुंचे। मतदाताओं का कहना था कि वोटर लिस्ट में उनका नाम ही नहीं मिल रहा है और नया वोट बनवाने के लिए भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। मतदाता प्रवीन ने कहा कि पहले वोटर कार्ड में जन्मतिथि सही थी लेकिन एसआईआर फॉर्म जमा करने के बाद उसमें गलती आ गई। अब सुधार के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मतदाताओं ने प्रशासन से प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है।
वर्जन
बूथों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए एक ही स्थान पर दो दिवसीय कैंप लगाया जा रहा है। जो मतदाता कैंप में नहीं पहुंच रहे हैं, उनके लिए बीएलओ को घर-घर भेजा जाएगा। कुछ मामलों में एसआईआर फॉर्म में नाम से संबंधित कमी रह सकती है, लेकिन ऐसा सभी मामलों में नहीं है।
— आशीष कुमार, एसडीएम, रोहतक
फोटो : 06
मतदाता हमारे पास यहां नहीं आ रहे हैं। मतदाता उस एरिया में जा रहे हैं, जिस एरिया के हम बीएलओ हैं। वार्ड-19 में बूथ नंबर 174 के एरिया के बीच में मेरा घर है, इसलिए मतदाता वहीं आ रहे हैं। घर से बूथ करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है, जहां हम बैठे हैं। इसलिए हम पूरा दिन यहां खाली बैठे हैं। आज रविवार को आउटपुट निकलनी चाहिए थी, लेकिन आज जीरो है।
— सुनील कुमार, बीएलओ
फोटो : 07
मैं वोट बनवाने के लिए आई थी। बीएलओ ने कहा कि अपना बूथ नंबर पूछ लो कि कौन-से बूथ पर तुम्हें आसानी होगी। मैंने और मेरे परिवार ने एक साल से रोहतक में वोट नहीं डाली है। पहले कहीं और वोट डालती थी, अब यहां शिफ्ट करवाना चाह रही हूं। अभी बीएलओ वोट नहीं बना रहे हैं। कह रहे हैं कि पहले जहां वोट डाली थी, वहां पता करो। पड़ोसी का पता करो। पता नहीं क्या करें।
— दर्शना, मतदाता
फोटो : 08
मैं बूथ पर दस्तावेज जमा करवाने आई थी। मेरे भाई के वोटर कार्ड में दिक्कत आ रही थी। उसमें भाई का 10वीं का सर्टिफिकेट और पापा का जन्म प्रमाण पत्र मांगा गया था। आज मैंने दस्तावेज जमा करवाए हैं। अभी मेरे भाई का वोटर कार्ड सही हो गया है, जबकि एसआईआर फॉर्म से पहले वोटर कार्ड ठीक था।
— ट्विंकल, मतदाता
04-रोहतक शहर के वार्ड 19 में मतदान बूथ पर मतदाताओं के इंतजार पर में खाली बैठे बीएलओ। संवाद
04-रोहतक शहर के वार्ड 19 में मतदान बूथ पर मतदाताओं के इंतजार पर में खाली बैठे बीएलओ। संवाद
04-रोहतक शहर के वार्ड 19 में मतदान बूथ पर मतदाताओं के इंतजार पर में खाली बैठे बीएलओ। संवाद
04-रोहतक शहर के वार्ड 19 में मतदान बूथ पर मतदाताओं के इंतजार पर में खाली बैठे बीएलओ। संवाद