सोनीपत। कुंडली की रहने वाली एक महिला को मोटी कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने 7.10 लाख रुपये ऐंठ लिए। महिला को स्टॉक मार्केट में रुपये लगाकर तीन माह में 500 फीसदी लाभ का झांसा देकर ठगी की गई। पीड़िता ने घटना से साइबर थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडली स्थित बिल्डर सोसाइटी निवासी प्रीति ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि वह सोशल मीडिया पर एक ग्रुप में शामिल हुई थी। ग्रुप से जुड़े लोगों ने उन्हें बताया कि स्टॉक मार्केट में संस्थागत खाते के माध्यम से निवेश कर मोटी कमाई की जा सकती है। एलआरओ कंपनी के माध्यम से वेबसाइट लिंक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटआईएनडीडॉटएमएमएमजीजीडॉटकॉम से जोड़ दिया। इसके बाद माया शर्मा नाम की महिला ने उसके पास व्हाट्सएप कॉल की। कहा कि स्टॉक मार्केट में निवेश करने से उन्हें 500 फीसदी तक का लाभ मिल सकेगा। इस पर विश्वास कर उन्होंने पहले दो लाख रुपये उनके दिए नंबर पर डाल दिए। इस पर उन्हें 10 हजार रुपये का लाभ दिया गया।
झांसे में आने के बाद खातों में डलवा लिए 7.10 लाख रुपये
प्रीति का कहना है कि उसके बाद उन्हें अधिक राशि लगाने को प्रेरित किया। साथ ही एक लिंक दिया, जिसे खोलकर वह अपने खाते में जमा राशि को देख सकती थी। उन्हें एपीपीडॉटएमएमएमजीजीडॉटकॉम का लिंक दिया। इस खाते पर उन्हें यूपीआई और नेट बैंकिंग के माध्यम से रुपये भेजने को कहा गया। उन्होंने 11 बार में 10 जनवरी से लेकर 16 फरवरी तक 7.10 लाख रुपये उनके बताए खातों में भेज दिए।
इन खातों में डलवाई गई राशि
महिला का आरोप है कि उनसे महिंद्रा इंटरप्राइजेज, आईएन कॉटेक्स, रेक्स इंटरप्राइजेज, परमहंस इंटरप्राइजेज, ताविया रवि भाई जेसिंग भाई, रहीस होलसेल, प्रिंस टेक्सटाइल, लाइफ लाइन फिशर्स नाम पर खोले खातों में रुपये डलवाए गए।