सोनीपत। गांव रोहट निवासी युवक को ऑनलाइन टिकट आरक्षण को डिजिटल पर प्रमोट करने के नाम पर कमीशन का झांसा देकर 7.04 लाख रुपये ऐंठ लिए। उन्हें इसे लेकर टास्क पूरा करने का झांसा दिया गया था। पीड़ित को ठगी का पता लगा तो पुलिस को अवगत कराया। साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रोहट निवासी नीरज ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि 8 नवंबर को टेलीग्राम पर एक युवती के नाम से मैसेज आया था। उन्हें टेलीग्राम पर ऑनलाइन काम करने व रुपये कमाने का ऑफर दिया गया था। उन्हें कहा था कि टिकट आरक्षण को डिजिटल पर प्रमोट करने पर कमीशन मिलेगा। जिससे उन्होंने सहमति दे दी। उनको लिंक भेज कर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया गया। उन्हें प्रति टिकट रिजर्वेशन पर 40 से 50 रुपये कमीशन मिलना था। उन्होंने पहले उसने विकास कुमार दास के नाम के अकाउंट में 10 हजार रुपये भेज दिए। उसके बाद उन्होंने 30 टिकट बुक की जिसकी एवज में 17 हजार रुपये दिए गए। उसके बाद उन्होंने उन्हें आगे कार्य करने को कहा कि यदि अब आप को ऐसे कमीशन कमाना है और कार्य के लिए कम से कम 10 हजार रुपये देने होंगे। ज्यादा पैसे लगाने पर ज्यादा कमीशन मिलेगा। जिसके बाद उन्होंने 21 से 25 नवंबर और 1 से 3 दिसंबर तक अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करवाए। जब काम खत्म हुआ तो उसके बैंक अकाउंट में 27, 33, 379 रुपये दिखाए गए। जब वह रुपये निकालने लगे तो उनकी ओर से कहा गया कि वह सारे रुपये नहीं निकाल सकते। रुपये निकालने है तो इसके लिए 9, 91, 461 रुपये जमा करवाने होंगे। तभी रुपये निकाले जा सकते है। जिसके बाद उन्हें ठगी का पता लगा। वह तक तक 7.04 लाख रुपये दे चुके थे। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।