सोनीपत। नागरिक अस्पताल में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को लेकर जारी आदेशों पर सवाल उठने लगे हैं। न्याय युद्ध मंच के संस्थापक देवेंद्र गौतम ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई के निर्देश जारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारी को दोबारा प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंप दी गई।
न्याय युद्ध मंच ने पूछा है कि यदि मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे तो संबंधित अधिकारी को दोबारा जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई। मंच ने यह भी सवाल उठाया कि क्या स्थानीय स्तर पर मुख्यालय के आदेशों की अनदेखी हुई है या विभागीय प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया गया है।
देवेंद्र गौतम ने कहा कि यह मामला केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि नागरिक अस्पताल प्रशासन इस मामले में सार्वजनिक स्पष्टीकरण दे और 26 मई को जारी आदेश की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
मंच ने यह भी मांग की कि यदि आदेश नियमों के विपरीत पाया जाता है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही आदेश जारी करने की पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई है।