सोनीपत। जिले में जनवरी के अंत तक कोरोना वैक्सीन आ जाएगी। सबसे पहले सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कार्यरत 8044 चिकित्सक, नर्स व स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन मुफ्त लगाई जानी है। क्योंकि कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए सभी चिकित्सक, नर्स व स्वास्थ्यकर्मी पिछले नौ माह से लगे हुए हैं। इसको लेकर विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। वैक्सीन के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 50000 सिरिंज भेजी जा चुकी है। अक्तूबर में चिकित्सक व कर्मियों का डाटा तैयार करके स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा जा चुका है।
कोरोना संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की ओर से चिकित्सक व फ्रंट लाइन वर्कर्स को मुफ्त वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया गया है। हर व्यक्ति को 60 से 90 दिन के अंतराल में दो बार वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार तैयार की जा रही है। जिले में 93 प्राइवेट के साथ ही 69 सरकारी अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में काम कर रहे 8044 चिकित्सक, नर्स व स्वास्थ्यकर्मी हैं। उन्हें कोरोना वैक्सीन के लगने से काफी राहत मिल सकेगी।
सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण केंद्र तैयार
पहले चरण में सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्र में तीन कमरों के टीकाकरण केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। पहला प्रतीक्षा कक्ष होगा, इसमें टीकाकरण कराने वाले लोगों को बैठाया जाएगा, दूसरा टीकाकरण कक्ष होगा, यहां पर टीका लगाया जाएगा। इस कक्ष में एक-एक स्टाफ नर्स एवं एएनएम आदि मौजूद रहेंगे। पहले चरण में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी, वह चाहे सरकारी कर्मचारी हो या निजी अस्पताल का हो। दूसरे चरण में सभी सरकारी कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। तीसरे चरण में 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को टीका लगाया जाएगा। चौथे चरण में उन लोगों को लगाया जाएगा, जिनको कोई बीमारी है। वैक्सीन लगने के बाद व्यक्ति आधे घंटे तक चिकित्सकों की निगरानी में रहेगा। (संवाद)
वर्जन
प्रथम चरण में जिले के 8044 चिकित्सक, नर्स व स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त लगाई जाएगी। वैक्सीन के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय से 50000 सिरिंज विभाग को मिल चुकी है। जनवरी के अंत तक सोनीपत जिले में वैक्सीन आ जाएगी।
- डॉ. जेएस पूनिया, सिविल सर्जन