गोहाना। पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 18 अगस्त की परिवर्तन महारैली ऐतिहासिक होगी जो प्रदेश की राजनीति में निर्णायक साबित होगी। परिवर्तन महारैली के बाद प्रदेश की सत्ता से भाजपा सरकार की विदाई की शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा प्रदेश हमारी तरफ उम्मीद के साथ देख रहा है। इस सरकार को यदि कोई बदल सकता है तो आप व हम मिलकर बदल सकते है। हमारा प्रदेश विकास में नंबर एक था, लेकिन पांच सालों में भाजपा सरकार ने प्रदेश को विनाश में नंबर एक करके दिखाया है। वह सोमवार को रैली का न्यौता देने के लिए गोहाना क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को स्वर्णकार भवन में संबोधित कर रहे थे।
मनोहर सरकार में घोटालों की लगी लंबी लाइन
पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा की मनोहर सरकार में घोटालों की लाइन लग गई है। प्रदेश की मौजूदा सरकार धांधली, वसूली, रिश्वतखोरी, फर्जीवाड़े, पेपर लीक, घोटाले व अपराधियों को संरक्षण का पर्याय बन गई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी बेकाबू होती जा रही है, लोगों की आर्थिक हालात चिंता का विषय है। बेरोजगारी के मामले में हमारा प्रदेश पूरे देश में केरल के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। इसलिए सरकार को बदलना जरूरी हो गया है।
इस दौरान विधायक जगबीर मलिक, सुरेंद्र दहिया, मुकेश तायल, अनूप मलिक, प्रमेंद्र जौली, रवि इंदौरान, जितेंद्र जांगड़ा, डॉ. दिलबाग खान, बंसी वाल्मीकि, दुष्यंत लठवाल, रविंद्र मोर, जयभगवान जोगी, सुनेहरा जांगड़ा व विक्की चौहान आदि उपस्थित रहे।