सोनीपत। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी है। गुप्तचर विभाग, आईबी व पुलिस की टीमों ने सघन जांच अभियान चलाकर होटलों और ढाबों की जांच की। इसके साथ ही देर शाम दिल्ली में भारी वाहनों को जाने से रोक दिया गया। हाईवे पर जाम की स्थित न बने इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने अलग-अलग मार्गों से वाहनों को बाहरी दिल्ली की तरफ रवाना किया।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही पुलिस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी किया गया है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने बताया कि होटल संचालकों को आदेश दिए गए हैं कि वह उनके पास ठहरने वाले लोगों की एंट्री रजिस्टर में जरूर करें। बगैर पहचान पत्र के किसी को भी कमरा न दें।
उन्होंने कहा कि हर वाहन की गहनता से जांच करने के बाद ही जाने दिया जा रहा है। इसके लिए 31 नाके लगाए गए हैं। रातभर पुलिस, राइडर, पीसीआर व डॉयल-112 की टीमें वाहनों की जांच करती रहीं।
रूट डायवर्ट कर निकाले गए वाहन
दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश वीरवार शाम छह बजे से रोक दिया गया। ऐसे में वाहनों को गन्नौर, मुरथल व बहालगढ़ से रूट डायवर्ट कर निकाला गया। पुलिस ने इसके लिए पानीपत पुलिस से भी मदद ली। नेशनल हाईवे से दिल्ली में भारी वाहनों का प्रवेश रोकने से चालक ट्रकों को सड़क किनारे खड़े कर देते थे। इससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। इस बार पुलिस आयुक्त ने पहले ही रूट मैप जारी कर दिया था। देर रात तक हाईवे पर जाम की स्थिति दिखाई नहीं दी। भारी वाहनों को हाईवे पर कुंडली बॉर्डर तक जाने ही नहीं दिया गया।
पुलिस ने यहां से निकाले वाहन
-बड़ी थाना पुलिस ने जीटी रोड गन्नौर फ्लाईओवर के साथ नाका लगाकर पानीपत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गन्नौर होते हुए खुबडू झाल की तरफ मोड़ दिया।
-थाना मुरथल पुलिस ने गोहाना बाईपास फ्लाईओवर के साथ नाका लगाकर पानीपत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को दिल्ली की ओर नहीं जाने दिया। उन्हें वाया सोनीपत पैरलल नहरों के रास्ते निकाला गया।
-थाना बहालगढ़ पुलिस ने चौक पर नाका लगाकर यूपी की तरफ से आकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को वाया सोनीपत पैरलल नहर के बीच मार्ग से गुजारा।
-थाना कुंडली पुलिस ने वाहनों को दिल्ली में नहीं जाने दिया।
-थाना खरखौदा पुलिस ने दिल्ली चौक पर नाका लगाकर वाहनों को दिल्ली की तरफ नहीं जाने दिया। खरखौदा-सांपला रोड से निकाला।
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर व्यापक कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही सहन नहीं होगी। वाहनों को रोककर जांच के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। भारी वाहनों के दिल्ली में प्रवेश से रोक के चलते उनके रूट पहले से ही डायवर्ट कर दिए गए थे। -नरेंद्र कादियान, पुलिस उपायुक्त, सोनीपत।