सोनीपत। रोजगार अधिकारी पर एक महिला कर्मी ने कार्यालय में बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि सीसीएल अवकाश की फाइल लेने अधिकारी ने कमरे में बुलाया था। महिला ने अपनी शिकायत विभाग की यौन उत्पीड़न कमेटी की चेयरपर्सन, एसपी व महिला आयोग सहित कई अधिकारियों को भेजी है। वहीं अधिकारी ने कहा कि छु्ट्टी देने से इंकार किया तो झूठे आरोप लगाए गए हैं।
रोजगार अधिकारी पर उनके कार्यालय की महिला कर्मी ने छेड़खानी का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि उसे चाइल्ड केयर लिव स्वीकृत करानी थी। इसके लिए 4 जून को आवेदन किया था। उन्होंने वह आवेदन उच्चाधिकारियों को नहीं भेजा। वह 23 जून को छुट्टी के बारे पूछने अधिकारी के कमरे में गई तो वहां पर अधिकारी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला कर्मी ने दरवाजा बंद कर अभद्रता का आरोप लगाया है। उसके रोने और शिकायत करने की धमकी देने के बावजूद उसे ही धमकाया गया। जिस पर महिला कर्मी ने इसकी शिकायत मंडलीय रोजगार अधिकारी, रोजगार विभाग की यौन उत्पीड़न कमेटी की चेयरपर्सन, एसपी, एसीएस रोजगार विभाग-चंडीगढ़, डायरेक्टर रोजगार विभाग पंचकूला, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को भेजने की बात कही है। वहीं मामले को लेकर रोजगार अधिकारी का कहना है कि आरोप गलत है। महिला कर्मी लगातार अवकाश पर रही है। फिर से सीसीएल अवकाश मांग रही थी। उसको मैंने अगस्त में अवकाश देने को कहा था। जिस पर उस पर आरोप लगा दिया गया। इस मामले में जांच को लेकर विभागीय टीम आ रही है। जिसकी जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा।