संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन की आईबी सोनीपत ब्रांच की बैठक वीरवार को जुआं झाल पर आयोजित की गई। इसमें राज्य कमेटी के आह्वान पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान नीरज लाकड़ा ने की जबकि संचालन सचिव प्रदीप नैन ने किया।
मुख्य वक्ता राज्य महासचिव राजेश धनखड़, राज्य सह सचिव बलराम, पूर्व राज्य उप प्रधान ओमप्रकाश मलिक ने कहा कि 24 नवंबर, 2025 को चंडीगढ़ में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के साथ यूनियन राज्य कमेटी की बैठक हुई थी।
इसमें कर्मचारियों की कई मांगों और समस्याओं पर सहमति बनी थी लेकिन आज तक एक भी मांग को लागू नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इसे लेकर सरकार के खिलाफ अब आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार और विभागीय अधिकारियों की तरफ से लगातार आश्वासन दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन ही अंतिम विकल्प बचा है।
बैठक में निर्णय लिया कि 15 व 16 जून को कार्यकारी अभियंता कार्यालयों के माध्यम से प्रमुख अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 4 जुलाई को भिवानी स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव किया जाएगा।
वहीं, 18 जुलाई को जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के हिसार स्थित आवास का घेराव करने का भी एलान किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र, कृष्णा, अनिल, कृष्ण हुड्डा, सोनू कपूर, रोहित, मोहित, सुमित, सचिन, राकेश, सुरेंद्र, जयप्रकाश भी मौजूद रहे।