फोटो - नगर परिषद कार्यालय परिसर में सफाईकर्मियों के साथ प्रदर्शन करते हुए बिजलीकर्मी। संवाद
गोहाना। नगर परिषद कार्यालय परिसर में सफाईकर्मियों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। बिजलीकर्मियों ने शहर में जुलूस निकालकर धरनास्थल पर पहुंचकर सफाईकर्मियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने आंदोलन में सहयोग देने का आश्वासन दिया। जुलूस का नेतृत्व सर्वकर्मचारी संघ की राज्य कमेटी के सदस्य सुरेश यादव ने किया।
सुरेश यादव ने कहा कि सफाईकर्मी जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। सरकार ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वह अपने वायदे से पीछे हट गई है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान प्रेम कुमार ने कहा कि मई में हड़ताल के दौरान सरकार के साथ 17 मांगों पर सहमति बनी थी। दो माह में नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।