फोटो - नगर परिषद कार्यालय परिसर में सीएम के पुतले के साथ सफाई व बिजलीकर्मी। स्रोत - प्रवक्ता
गोहाना। नगर परिषद कार्यालय परिसर में लंबित मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाईकर्मियों के समर्थन में बुधवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी पहुंचे। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन की राज्य कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर के बिजली कर्मचारियों ने सफाईकर्मियों की हड़ताल का समर्थन किया। इस दौरान बिजली कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
नगर पालिका कर्मचारी संघ की गोहाना इकाई के प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारी छह अगस्त से अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। यूनियन के राज्य कमेटी सदस्य एवं सर्व कर्मचारी संघ गोहाना इकाई के प्रधान सुरेश यादव ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर सहमति बनी थी। सरकार ने 30 जून तक मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के प्रति उत्पीड़न की नीति अपना रही है।
प्रदर्शन में जितेंद्र शर्मा, सुनील चहल, नरेंद्र, अशोक कुमार, संदीप, जोगेंद्र शर्मा, बीरमति, सुनीता, सीमा, कमलेश और कृष्ण सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।