गोहाना। बिजली निगम की ओर से गांव धनाना में आधुनिक पुस्तकालय बनाया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत ने बिजली निगम को बड़ी चौपाल का भवन उपलब्ध करवा दिया है। अब बिजली निगम चौपाल में 20 लाख रुपये खर्च कर आधुनिक पुस्तकालय बनवाएगा। पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी के साथ साहित्य से जुड़ी किताबें भी रखी जाएंगी। साथ ही इंटरनेट की व्यवस्था भी बिजली निगम की ओर से की जाएगी।
बिजली निगम की ओर से सोशल काॅर्पोरेट रिस्पांस (सीएसआर) के तहत प्रदेशभर के विभिन्न गांव में पुस्तकालय बनवाया जा रहा है। इन पुस्तकालयों में गांव व आसपास के युवा बोर्ड परीक्षाओं से लेकर प्रतियोगिता संबंधी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगे। पुस्तकालय में साहित्य से जुड़ी किताबें भी रखी जाएगी। साथ ही बच्चों व युवाओं के लिए हिंदी व अंग्रेजी की पत्रिकाओं के साथ अखबार की व्यवस्था भी की जाएगी। पुस्तकालय में आने वाले युवाओं को काॅपी व पेन के अलावा बाहर से कुछ लाने की जरूरत नहीं होगी।
पुस्तकालय में इंटरनेट सहित मिलेंगी सभी सुविधाएं
अधिकारियों ने बताया कि बिजली निगम की ओर से जिस गांव में पुस्तकालय बनवाया जाएगा। उस गांव की पंचायत अपने स्तर पर बिजली निगम को भवन उपलब्ध कराएगी। बिजली निगम के सहयोग से वहां आधुनिक पुस्तकालय बनाया जाएगा। इसमें कक्षा छठी से 12वीं व प्रतियोगिता परीक्षा संबंधी तैयारी के लिए विद्यार्थियों को एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं दी जाएंगी। इंटरनेट सेवा भी इसमें शामिल रहेगी।
बिजली निगम ने सीएसआर के तहत गांव धनाना को चिन्हित कर आधुनिक पुस्तकालय बनवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए ग्राम पंचायत से भवन मुहैया करवाने की मांग की गई है। बिजली निगम गांव में आधुनिक पुस्तकालय तैयार कर युवाओं को एक छत के नीचे सारी सुविधा उपलब्ध कराएगा।
- राजसिंह सिंहमार, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, गोहाना