खरखौदा। गांव गोरड़ के खेतों में मंगलवार दोपहर बिजली का तार टूटकर गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग से सवा पांच एकड़ गेहूं की फसल और ढाई एकड़ में अवशेष जल गए। किसानों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से किसान राज सिंह व जसबीर की एक-एक एकड़, अनूप की सवा एकड़ व सुरेश की दो एकड़ गेहूं की फसल और किसान नरेंद्र के ढाई एकड़ के अवशेष जल गए।
आग लगने से 11 एकड़ में गेहूं की फसल जली
गोहान में रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित गांव चिड़ाना में मंगलवार शाम को आग लगने से कई किसानों की 11 एकड़ में गेहूं की फसल जल गई। किसानों के अनुसार शार्ट-सर्किट से फसल में आग लगी है। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। वहीं, सूचना मिलने पर एसडीएम प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
गांव चिड़ाना में आग लगने से किसान रामपाल की आधा एकड़, धीरा, प्रकाश व राम कुमार की एक-एक एकड़, जसमेर की पांच एकड़, सुभाष की डेढ़ एकड़, रामफल की डेढ़ एकड़ और साथ में ही गांव मुंडलाना में किसान रघुबीर की एक एकड़ में गेहूं की फसल जल गई। वहीं, शहर में जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में एक आढ़ती की गेहूं से भरी बोरियों में आग लग गई। आगजनी से करीब सौ बोरियां जल गईं। संवाद
आग से जली फसल का दिलवाया जाएगा मुआवजा : बड़ौली
गांव अटेरना में मंगलवार को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में हवन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राई से विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने ग्रामीणों व किसानों के साथ मिलकर हवन में आहुति डाली। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण बचाओ, गोवंश और जैविक खेती को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने गांव खेवड़ा का दौरा कर किसानों को आग से जली गेहूं की फसल का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार किसानों के विकास के लिए नई-नई योजनाएं लागू कर रही है। किसानों की मदद के लिए सरकार द्वारा उन्हें विभिन्न स्कीमों के तहत सब्सिडी भी दी जाती है, ताकि देश का किसान उन्नत बन सके।