गन्नौर। गांव पांची जाटान के निलंबित सरपंच अशोक के स्थान पर अब पंचायत का कार्यभार किसे सौंपा जाएगा इसका निर्णय 24 मार्च को होगा। यह चुनाव बीडीपीओ राजेश टिवाणा की देखरेख में उनके कार्यालय में होगा। चुनाव में जिस पंच के पक्ष में बहुमत होगा उसे सरपंच का चार्ज सौंप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि सरपंच अशोक को विकास कार्यों में अनियमितता और पंचायत रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने के आरोपों के चलते तत्कालीन उपायुक्त सुशील सारवान ने 13 मार्च को निलंबित कर दिया था। जांच में ई-रिक्शा मरम्मत में गड़बड़ी, पंचायत फंड के दुरुपयोग और बिना अनुमति पेड़ कटवाने जैसे आरोप सामने आए थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कारण बताओ नोटिस का जवाब संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई की गई। अब पंचायत संचालन के लिए बहुमत वाले पंच को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।