फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल में शव को लेने पहुंचे गांव बेगा के ग्रामीण। संवाद
गन्नौर। गांव बेगा में पंचायती आरओ पर पानी पीने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हुआ। इस विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची 73 वर्षीय मूर्ति देवी की मौत हो गई। परिजनों ने उन्हें सरकारी अस्पताल गन्नौर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बुजुर्ग महिला के बेटे चांदप्रकाश की शिकायत पर गन्नौर थाना पुलिस ने सरपंच सुरेंद्र और संदीप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। चांदप्रकाश ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे उनके बेटे शिवांश, भतीजे विराज और यश पानी पीने गए थे।
आरोप है कि वहां मौजूद मानसिक दिव्यांग बंटी ने तीनों बच्चों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद बच्चे वहां से लौटकर गोपाल के घर आ गए। आरोप है कि कुछ देर बाद बंटी भी वहां पहुंच गया और विराज के साथ मारपीट करने लगा।
इसी दौरान संदीप भी मौके पर पहुंचा और सरपंच सुरेंद्र ने उसे मारपीट के लिए उकसाया। इसके बाद संदीप ने चांदप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट होते देखकर उनकी मां मूर्ति देवी बीच-बचाव करने के लिए पहुंची। इसी दौरान संदीप ने उनकी मां की गर्दन और छाती पर मुक्के मारे।
मुक्के लगने के बाद मूर्ति देवी को सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने उन्हें चारपाई पर लिटाया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
-
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के वास्तविक कारण, मारपीट की परिस्थितियों और महिला की मौत के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सतबीर, जांच अधिकारी
फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल में शव को लेने पहुंचे गांव बेगा के ग्रामीण। संवाद