जिले में सोमवार को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के पांचवें चरण की शुरुआत हुई। पहले दिन 8 हजार किशोरों को कोवाक्सिन लगाई गई। जिला अस्पताल में न्यू ब्रह्म कॉलोनी की रहने वाली 17 वर्षीय राधिका ने पहली डोज लगवाई। कक्षा 11वीं की छात्रा राधिका सोमवार सुबह पिता के साथ वैक्सीन लगवाने जिला अस्पताल पहुंची थी। वहीं विधायक मोहनलाल बड़ौली ने गांव बढ़मलिक स्थित राजकीय स्कूल में टीकाकरण शिविर का शुभारंभ किया।
विधायक मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से लड़ाई लड़ रहा है। कोरोना की मार से कई विकसित देश प्रभावित हुए हैं। हमारे देश ने इस मुसीबत से पार निकलने के लिए स्वयं कोरोनारोधी वैक्सीन तैयार की। इस दौरान सीएमओ डॉ. जयकिशोर, उप सिविल सर्जन डॉ. दिनेश छिल्लर, एसएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. चितवन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नीरज यादव, प्राचार्य दर्शना कुमारी, वेदपाल शास्त्री, जयराम शर्मा, अशोक भारद्वाज मौजूद रहे।
सिविल सर्जन ने सेक्टर-12 के रोटरी क्लब में किया शिविर का शुभारंभ
किशोरों का टीकाकरण करने के लिए सेक्टर-12 स्थित रोटरी क्लब में आयोजित कैंप का सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
टीका लगवाने के बाद यह बोले किशोर
टीका लगवाने के बाद किसी भी तरह का भय नहीं है। वैक्सीन लगवाने से किशोर कोरोना से सुरक्षित रह सकेेंगे। मैं सभी से अपील करता हूं कि सभी किशोर वैक्सीन लगवाएं और कोरोना से बचाव करें।
- अंश निवासी सेक्टर-15
कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, ऐसे में टीकाकरण बेहद जरूरी है। वैक्सीन लगने के बाद कोई परेशानी नहीं होती है और न ही किसी तरह का साइड इफेक्ट होता है। हमें वैक्सीन लगवाने के बाद पहले की तरह मास्क लगाना होगा और सामाजिक दूरी का पालन करना होगा।
- अंकित निवासी कुंडली
कोवाक्सिन लगवाने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है। मैं पहले की तरह ही खुद को स्वस्थ महसूस कर रही हूं। कोरोना महामारी को हराने के लिए सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए, ताकि कोरोना महामारी से जल्द छुटकारा मिल सके।
- दीक्षा निवासी सरस्वती विहार
कोरोना से किशोरों के बचाव को लेकर कोवाक्सिन लगानी शुरू हुई है। वैक्सीन लगने के बाद किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई है। किशोरों को वैक्सीन लगवाने में घबराने की आवश्यकता नहीं है।
- प्रेशा निवासी आदर्श नगर