हरियाणा की आठ बेटियों ने मंगोलिया का टिकट कटाया है। मंगोलिया के उलानबटोर में 19 से 24 अप्रैल तक एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप होगी। लखनऊ में हुए ट्रायल में हरियाणा का दम दिखा।
सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के ट्रायल में पुरुषों के बाद महिला वर्ग में भी हरियाणा का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के लिए चयनित दस पहलवानों में आठ हरियाणा की हैं। मंगोलिया के उलानबटोर में होने वाली प्रतियोगिता के लिए ट्रायल यूपी के लखनऊ एसटीसी में हुए। ट्रायल प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि 19 से 24 अप्रैल तक मंगोलिया के उलानबटोर में होने जा रही सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए महिला वर्ग के लिए ट्रायल लखनऊ के साई सेंटर में हुए। इसमें पहलवानों ने अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय दल में अपनी जगह बनाई।
खास बात यह रही कि ट्रायल प्रक्रिया में पुरुषों के बाद महिलाओं ने भी दमखम दिखाया और 10 में से हरियाणा की आठ महिला पहलवानों ने अपना चयन कराया। ट्रायल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती गई। इस दौरान कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक लेकर आएंगी।
विज्ञापन
हरियाणा की ये पहलवान चयनित
भार वर्ग नाम जिला
50 किग्रा मनीषा हिसार
57 किग्रा अंशु मलिक झज्जर
59 किग्रा सरिता बरोदा, सोनीपत
62 किग्रा मनीषा रोहतक
65 किग्रा राधिका पानीपत
68 किग्रा सोनिका हुड्डा रोहतक
72 किग्रा निक्की धनाना, सोनीपत
76 किग्रा सुदेश भैंसवाल, सोनीपत
नोट : प्रतियोगिता के लिए 53 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र की स्वाति शिंदे और 55 किलो में दिल्ली की सुषमा शौकीन का भी चयन हुआ है।