फोटो 22जेएनडी16-लाइब्रेरी में बेटियों से बातचीत करते हुए विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री। स्रोत का
उचाना। नगर पालिका में चल रही आधुनिक लाइब्रेरी में विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री शनिवार को अचानक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही बेटियों के बीच पहुंचे।
बेटियों से रूबरू होते हुए विधायक अत्री ने घोषणा की कि उनका प्रयास रहेगा कि 2027 के अंत तक उचाना हलके के हर गांव में लाइब्रेरी हो। उन्हें जो भी फंड मिलेगा, उससे गांवों में लाइब्रेरी बनवाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आज गरीब परिवारों के ऐसे युवा भी अपनी मेहनत और पढ़ाई के दम पर सरकारी नौकरी हासिल कर रहे हैं, जिन्होंने कभी बड़े पदों पर नौकरी पाने का सपना नहीं देखा था।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करें, क्योंकि आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य का होना जरूरी है। विधायक ने कहा कि वह भी सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता किसान थे और समाजसेवा से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि माता-पिता से मिले संस्कारों पर चलकर जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने बेटियों को भरोसा दिलाया कि वह निरंतर उनके बीच आते रहेंगे। बेटियों ने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती नीति के चलते आज युवा अपनी पढ़ाई और मेहनत के दम पर नौकरी हासिल कर रहे हैं।