गन्नौर। गांव शेखपुरा के खेतों से ईको सवार युवक एक किसान का अपहरण कर फरार हो गए। किसान और अपहर्ताओं का सुराग नहीं लगने से परिजन चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग की है।
गांव शेखपुरा निवासी दिनेश ने पुलिस को बताया कि 26 दिसंबर को वह और उसका भाई नरेश अपने खेत में बरसीम (हरा चारा) लेने गए थे। सुबह 11 बजे वह खेत से घर लौट रहे थे। उसका भाई नरेश उससे आगे चल रहा था। जब उसका भाई नरेश सरकारी स्कूल के सामने पहुंचा तो वहा पहले से ही मौजूद एक ईको वैन के बाहर खड़े दो युवकों ने नरेश को जबरदस्ती पकड़कर ईको में डाल लिया। जब वह बचाने के लिए दौड़ा तो ईको वैन में सवार युवक उसके भाई का अपहरण कर पुरखास की तरफ भाग गए। दिनेश ने बताया कि ईको वैन सवार युवक डबरपुर निवासी रवि व अरुण थे। पुलिस ने दिनेश की शिकायत पर रवि व अरुण के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। समाचार भेजे जाने तक अपहरणकर्ता पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। गन्नौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धीरज कुमार का कहना है कि पुलिस की टीम अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है। संदिग्ध जगहों पर दबिश भी दी जा रही है। जल्द ही उनका पता लगा लिया जाएगा और उनके कब्जे से नरेश को छुड़वा लिया जाएगा।