सोनीपत। प्रसिद्ध फिटनेस इन्फ्लुएंसर (प्रेरक) अंकित बैंयापुरिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार कारण उनका कोई व्यायाम अभियान या देसी फिटनेस शैली नहीं, बल्कि अखाड़ों के माहौल को लेकर दिया गया बयान बना है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई 37 सेकंड की एक वीडियो क्लिप में अंकित ने अपने कुश्ती जीवन के अनुभव साझा किए जिसके बाद व्यापक चर्चा शुरू हो गई।
वीडियो में अंकित यह कह रहे हैं कि उन्होंने करीब 10 से 12 वर्षों तक कुश्ती की और इस दौरान कई बार जातिगत भेदभाव जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि अखाड़ों में कई अवसरों पर उनसे सबसे पहले उनकी जाति के बारे में पूछा जाता था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मौकों पर उन्हें जानबूझकर चोट पहुंचाने की कोशिश की गई।
वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे खेल जगत के भीतर मौजूद वास्तविकता से जोड़कर देखा जबकि कुछ ने इसे अंकित के व्यक्तिगत अनुभव के रूप में माना। इसके बाद अखाड़ों की परंपरा, खिलाड़ियों के वातावरण और खेल संस्कृति को लेकर चर्चा तेज हो गई।
हालांकि बाद में अंकित ने वीडियो को सोशल मीडिया से हटा लिया। अंकित बैयांपुरिया को देशभर में पहचान उनके लोकप्रिय 75 डेज हार्ड चैलेंज अभियान से मिली थी।
अनुशासित जीवनशैली, देसी व्यायाम पद्धति और नियमित अभ्यास के कारण वह युवाओं के बीच प्रेरणा के रूप में उभरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ स्वच्छता अभियान में दिखाई देने के बाद उनकी लोकप्रियता और अधिक बढ़ी थी।