सोनीपत। पुलिस लाइन में 26 जनवरी को जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों के लिए विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे कर्तव्य निष्ठा के साथ निभाएं और समारोह में आमजन की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करें।
समारोह के सफल आयोजन के उद्देश्य से शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने की। उन्होंने कहा कि हम अपने राष्ट्रीय पर्व को गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे। विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे, जिनका चयन गठित कमेटी करेगी। परेड में एनसीसी, एनएसएस व स्काउट की टुकडिय़ों को शामिल किया जाए।
इन्हें सौंपी जिम्मेदारी
उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समारोह स्थल, चौक चौराहों पर साफ-सफाई व झाडियां कटवाना सुनिश्चित करें। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समारोह स्थल पर मुख्य कार्यक्रम के दिन व रिहर्सल के दौरान बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाएं, सिविल सर्जन को समारोह स्थल पर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोडवेज, शुगर मिल, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जन जीवन मिशन, जिला बागवानी विभाग समेत अन्य विभाग सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को दर्शाती झांकियां निकालें। पुलिस विभाग समारोह स्थल पर सुरक्षा कड़ी करते हुए ड्यूटियां लगाएं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों के 10 जनवरी से पहले भेजें नाम
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने डयूटी से हटकर उत्कृष्ट कार्य किए है, उनके नाम 10 जनवरी से पहले पहले उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाया, ताकि उन्हें समारोह में सम्मानित करवाया जा सके। बैठक में डीसीपी नरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, एमडी शुगर मिल सोनीपत श्वेता सुहाग, एसडीएम अमित कुमार, नगराधीश रेणुका नांदल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, डीआरओ हरिओम अत्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।