संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। सिसाना स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य, कर्मचारियों और ग्राम पंचायत के बीच तनातनी को लेकर प्राचार्य का तबादला किया गया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी खरखौदा की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने प्राचार्य अनीता देवी का समायोजन अस्थायी रूप से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोरड में किया है। वहीं उन्हें वहां की डीडीओ का अधिकार भी सौंपा है।
सिसाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मामले की शुरुआत तब हुई थी जब प्राचार्य ने अंग्रेजी प्रवक्ता श्रीभगवान पर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रवक्ता पर ग्रामीणों और पंचायत को स्कूल व प्राचार्य के खिलाफ भड़काने का आरोप लगा था। वहीं, दूसरी ओर सिसाना ग्राम पंचायत ने भी प्राचार्य के खिलाफ निदेशालय को शिकायत भेजी थी।
बाद में उपमंडल अधिकारी (ना.) डा. निर्मल नागर के निर्देश पर तहसीलदार मनोज कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राठी ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए हालात संभालने के लिए पुलिस बल तक तैनात करना पड़ा।
इस मामले में छात्राओं के परिजन भी आगे आए थे और पुलिस तक को शिकायत कर दी गई थी। स्थिति को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि विद्यालय का वातावरण अत्यधिक तनावपूर्ण है और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में जिला शिक्षा अधिकारी की तरफ से प्राचार्य का अस्थायी तबादला किया गया है।
प्राचार्य को फिलहाल गोरड के सरकारी स्कूल में अस्थायी तौर पर तैनाती दी गई है। यह कदम आगामी जांच एवं कार्यवाही में किसी प्रकार की बाधा रोकने और विद्यालय का माहौल सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की तरफ से उठाया गया है।
वर्जन-ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दी थी, वहीं पंचायत की तरफ से शिक्षा निदेशालय को शिकायत भेजी गई थी। जिसका संज्ञान लेते हुए जांच करवाई गई। वहीं प्रशासनिक दृष्टि से स्कूल के माहौल को ध्यान में रखते हुए फिलहाल प्राचार्य का तबादला दूसरे स्कूल में किया गया है।डॉ.निर्मल नागर, एसडीएम खरखौदा,