सोनीपत। भैया दूज त्योहार को लेकर बुधवार को ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ देखी गई। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि वीरवार को भैया दूज त्योहार मनाया जाएगा। इसको लेकर ट्रेनों व बसों में यात्रियों की भीड़ नजर आई। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही। कई यात्री अपने गंतव्य की रूट की ट्रेन व बसों का इंतजार करते दिखाई दिए।
भैया दूज पर्व को लेकर बहन-भाइयों में उत्साह बना हुआ है। यात्रियों के सुविधाजनक आवागमन के लिए रोडवेज चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सोनीपत बस डिपो में मौजूदा समय में 200 से ज्यादा बसें हैं।
इनमें करीब 30 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत शामिल की गई है। यहां से पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आगरा, राजस्थान सहित कई प्रदेशों में सीधी बस सेवा है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जिलों तक भी बस सेवा है।
भैया दूज पर बस अड्डे पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसे यात्रियों को अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़ा। रोडवेज अधिकारियों ने कहा कि भैया दूज पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
दिल्ली, पानीपत, रोहतक व बड़ौत रूट पर अधिक भीड़ रह सकती है। ऐसे में लोकल रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। बहन-भाइयों को एक-दूसरे तक पहुंचने में कोई बाधा न हो, इसके लिए डिपो की ओर से वीरवार को अतिरिक्त बसों को चलाया जाएगा।
वहीं दिल्ली से कुरुक्षेत्र रूट पर चलने वाली सवारी गाड़ियों का सही समय पर परिचालन किया गया है, ताकि बहनों या भाइयों को सही समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। बुधवार को दिल्ली व पानीपत की ओर जाने वाली सवारी गाड़ियाें में यात्रियों की काफी भीड़ रही।
वर्जन
भैया दूज को लेकर यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द की गई है। ड्यूटी शाखा में कार्यरत अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, उसी रूट पर बस को रवाना कर दिया जाएगा। यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।-सुरेंद्र दुग्गल, बस अड्डा सुपरवाइजर, रोडवेज डिपो सोनीपत।