सोनीपत। अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत स्टेशन पर 29 करोड़ रुपये से चल रहे निर्माण कार्यों का वीरवार को दिल्ली मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। उन्हें दूसरे प्रवेश द्वार का लेआउट ठीक नहीं मिला। उन्होंने स्टेशन पर निर्माण कार्य करवा रहे अधिकारियों को खामियों से अवगत करवाते हुए उसे तुरंत दूर करने के लिए कहा। साथ ही उनकी व्यवस्था को जीरो बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य में अपना दिमाग मत लगाओ।
डीआरएम ने निर्माणाधीन भवन की बालकनी में लगाई गई फॉल सीलिंग की ऊंचाई, उचित लाइटिंग व्यवस्था न होने, प्रवेश द्वार गलत दिशा में होने, टिकट काउंटर कक्ष के दो केबिन बनाने पर नाराजगी जताई। दो घंटे के निरीक्षण में डीआरएम ने जहां कई खामियां निकालीं तो दुरुस्त सफाई व्यवस्था को सराहा।
डीआरएम पहले से निर्धारित निरीक्षण के तहत अपने विशेष रेलवे यान से सुबह 10:47 बजे सोनीपत स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर 3 पर उतरने के बाद उन्होंने 3 और 2 का निरीक्षण किया। इसके बाद वह फुट ओवरब्रिज से दूसरे प्रवेश द्वार गुड़ मंडी की तरफ पहुंचे। यहां पर लेआउट के हिसाब से यात्रियों के लिए आधुनिक पार्किंग का निर्माण करने के निर्देश दिए।
पार्किंग व्यवस्था को ठीक करने के साथ गाड़ियों, दोपहिया वाहनों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था करवाने की बात कहीं। प्लेटफार्म 1 पर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए कहा कि स्टेशन को आधुनिक बनाने का उद्देश्य है, लेकिन कई सुधार करने की आवश्यकता है।
टिकट बुकिंग क्षेत्र के सीआरएस और पीआरएस कक्ष में एसी नहीं लगेगा। सभी शौचालयों को हवादार बनाने का प्रबंध किया जाए। डीआरएम बड़ी स्थित रेल कोच फैक्टरी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां व्यवस्थाएं जांचने के बाद वह 2:21 बजे दिल्ली रवाना हो गए।
डीआरएम ने इन प्रबंधों पर जताई नाराजगी
निर्माणाधीन भवन की बालकनी में टिकट काउंटर कक्ष व बाहर फॉल सीलिंग लगाने।
टिकट बुकिंग काउंटर कक्ष व आरक्षण काउंटर को शीशा लगाकर दो भागों में विभाजित करने।
फॉल सीलिंग के स्लैब मेें कम लाइट लगाने।
टिकट बुकिंग काउंटर की विंडो पर दो जगह शीशा काटने व माइक न लगाने।
निर्माणाधीन भवन में मुख्य प्रवेश द्वार पर टिकट काउंटर तक पहुंचने के लिए गलत दिशा में प्रवेश द्वार बनाने।
बिजली उपकरणों के लिए कम बोर्ड लगाने।
निर्माणाधीन भवन में अधिकारियों के लिए पुरुष-महिला दो अलग-अलग शौचालय बनाने।
भवन के साथ शेड लगवाने में की जा रही देरी।
विश्राम गृह को यात्रियों की सुविधा के हिसाब से न बनाने।
बुकिंग काउंटर व शौचालयों को हवादार न बनाने।
पुरुष, महिला व दिव्यांग यात्रियों के शौचालयों, विश्राम गृह में उचित व्यवस्था न करने पर।
आय के रूप में प्रयोग होगा भवन का ऊपरी तल
डीआरएम ने अधिकारियों को सुझाव दिए कि निर्माणाधीन भवन के ऊपरी तल पर लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रिटायरिंग कक्ष (होटल की तर्ज पर) बनाए जा सकते हैं। इस सुविधा से लंबी दूरी के यात्री सोनीपत स्टेशन पर आसानी से ठहर सकते हैं। इन कक्षाें में यात्रियों के हिसाब से व्यवस्थाएं की जा सकती हैं या ऊपरी तल को किसी बैंक या मैकडोनाल्ड्स जैसी कंपनी को भी दिया जा सकता है। इससे रेलवे को अतिरिक्त आय होगी। अधिकारी जल्द इनमें से एक सुविधा पर निर्णय लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम निशांत नारायण, सीनियर डीओएम विकास वत्स, सीनियर डीईएन वैभव पाठक, सीनियर डीएमई मोहित कुमार व मनदीप सिद्धू शामिल रहे।