शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी शहर में लगातार बिगड़ रहे हालात को सुधारने में नाकाम हैं। निगम अधिकारियों की अनदेखी के कारण शहर की कॉलोनियों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। ऐसे में 50 हजार से ज्यादा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर आठ कॉलोनियों के लोग सोमवार को नगर निगम कार्यालय में पहुंचे। यहां लोगों ने हंगामा किया और आयुक्त के कार्यालय के बाहर बैठ गए। आयुक्त जगदीश शर्मा ने लोगों के बीच पहुंचकर जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित एसडीओ व जेई को मौके पर बुलाकर कॉलोनी में लोगों को पेयजल समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद शहर के लोगों ने समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी है।
शहर में बढ़ रहे पेयजल संकट के कारण विभिन्न कॉलोनियों में 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हो गए हैं। अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी कॉलोनियों में पेयजल सप्लाई तक नहीं हो रही। इस समस्या से परेशान शहर की उन आठ कॉलोनियों के लोग सोमवार को नगर निगम कार्यालय में पहुंचे। न्यू महावीर कॉलोनी, श्याम नगर, पुरखास अड्डा, लाल दरवाजा, जटवाड़ा, वाल्मीकि बस्ती, वेस्ट रामनगर, भगत सिंह कॉलोनी में पेयजल किल्लत से हालात खराब हो चुके हैं। यहां के लोगों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान तक नहीं किया जा रहा।
भगत सिंह कॉलोनी : पानी की आपूर्ति का समय बढ़ाने की मांग
भगत सिंह कॉलोनी की रहने वाली ऊषा, सुनीता, कमलेश, बिमला, दर्शन, महेंद्र, हरीसिंह आदि ने बताया कि करीब एक साल से कालोनी के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई नहीं पहुंचती। यदि पानी सप्लाई की समय अवधि बढ़ाई जाए और पाइपलाइन के वॉल्व को सही तरीके से व्यवस्थित किया जाए तो पेयजल किल्लत हल हो सकती है, लेकिन क्षेत्र का पंप ऑपरेटर सुनवाई नहीं करता। अधिकारी भी हर बार टाल देते हैं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह नगर निगम के खिलाफ धरने पर बैठेंगे।
महावीर कॉलोनी : समय पर पानी की आपूर्ति करने की मांग
शहर के महावीर कॉलोनी में भी पिछले एक सप्ताह से पानी सप्लाई कम हो रही है। ऐसे में यहां के लोग सोमवार को नगर निगम कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के भी लगातार चक्कर काट रहे हैं। हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा। घरों में पीने का पानी खत्म हो चुका है। टैंकर मंगवाकर काम चलाना पड़ रहा है। उसके बाद भी निगम अधिकारी लोगों की सुनवाई नहीं कर रहे।
लाल दरवाजा में 10 दिन से पानी की आपूर्ति प्रभावित
शहर के लाल दरवाजा क्षेत्र में करीब 190 दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को सबमर्सिबल चलाकर या पानी के टैंकर मंगवाकर लोगों को प्यास बुझाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति नहीं होने से परेशान लोग कई बार अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, उसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। निगम के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गर्मी में शहर के लोगों को साफ पानी भी मुहैया नहीं हो रहा।
लोग बोले - पेयजल आपूर्ति में की जा रही अनदेखी
गर्मी में घरों में पानी की आपूर्ति तक नहीं की जा रही। पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से सभी घरेलू कार्य समय पर पूरे नहीं होते। निगम कर्मियों को सूचित करने के बाद भी पेयजल आपूर्ति करने में अनदेखी की जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
- अंगूरी
निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण कॉलोनी में पेयजल संकट बना हुआ है। अधिकारियों को फोन करने के बावजूद जनता की कोई सुनवाई नहीं हो रही। पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें मजबूर टैंकर मंगवाकर काम चलाना पड़ रहा है। निगम के अधिकारी पानी की आपूर्ति के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं।
- सुशीला
गर्मी में पानी की आपूर्ति नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। निगम के अधिकारी पानी की आपूर्ति कराने को लेकर सुनवाई नहीं कर रहे। नगर निगम की ओर से पानी की आपूर्ति की जानी चाहिए, ताकि लोगों को पानी के लिए तरसना न पड़े।
अनिल कुमार
वर्जन
शहर में पेयजल संकट से कॉलोनियों में कम पानी की आपूर्ति हो रही है। पेयजल संकट को दूर करने के लिए निगम की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र में पानी की सप्लाई बेहतर की जाएगी। इसके लिए संबंधित एसडीओ और जेई को निर्देश दिए गए हैं।
- जगदीश शर्मा, आयुक्त नगर निगम